शिक्षा विभाग में शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं को सीधे अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) तक पहुंचाने के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। एसीएस शिक्षा राजेश यादव ने सचिवालय और शिक्षा संकुल स्थित कार्यालय के बाहर QR कोड लगवाए हैं। इन्हें स्कैन कर शिक्षक-कर्मचारी या संबंधित व्यक्ति समस्या ऑनलाइन दर्ज कर सकेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा, जो दूरदराज के जिलों से एसीएस से मिलने आते हैं, लेकिन अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर बिना समाधान लौटना पड़ता है। अब ऐसे लोग QR कोड स्कैन कर शिकायत सीधे भेज सकेंगे। फॉर्म को ‘एसीएस एजुकेशन संपर्क फॉर्म’ नाम दिया गया है। शिक्षा विभाग में 5 लाख से अधिक शिक्षक-कर्मचारी कार्यरत हैं। बता दें कि एसीएस यादव ने 23 मार्च को कार्यग्रहण किया था। इन समस्याओं के लिए कर सकेंगे आवेदन 12 तरह की शिकायतों का विकल्प है। इनमें ट्रांसफर-पोस्टिंग, प्रमोशन-सीनियरिटी-डीपीसी, पे फिक्सेशन-एरियर, पेंशन-रिटायरमेंट बेनेफिट, कोर्ट केस, भवन-आधारभूत सुविधा या स्कूल सुरक्षा, शाला दर्पण या डिजिटल पोर्टल इश्यू, स्कॉलरशिप-मिड-डे मिल या यूनिफॉर्म, संस्कृत एजुकेशन या बाल वाटिका, एडमिनिस्ट्रेटिव शिकायत या जांच, नो स्पेशिफिक ग्रीवांस और अन्य श्रेणियां शामिल हैं। सचिवालय-शिक्षा संकुल में एसीएस कार्यालय के बाहर लगे QR QR कोड स्कैन करते ही मोबाइल पर ऑनलाइन फॉर्म खुलेगा। इसमें शिकायतकर्ता को अपना ईमेल, नाम, मोबाइल नंबर, पद और पोस्टिंग का जिला भरना होगा। इसके बाद शिकायत किस तरह की है, यह चुनना होगा। संबंधित विभाग और संबंधित अधिकारी का नाम व पद भी दर्ज करना होगा। इसके बाद समस्या संक्षेप में लिखकर उससे जुड़े दस्तावेज अपलोड किए जा सकेंगे। अंत में फॉर्म सबमिट करना होगा। हर सप्ताह रिव्यू “ऑनलाइन आने वाली शिकायतों का हर सप्ताह रिव्यू करेंगे। इससे पता चलेगा कि किस जिले से सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं और किस प्रकार की समस्याएं अधिक हैं। इसी आधार पर आगे का प्लान बनाकर राहत देने का प्रयास करेंगे।” -राजेश यादव, एसीएस, शिक्षा विभाग