झुंझुनूं जिले के सभी 1474 सरकारी स्कूल और विभागीय ऑफिसों को दीपावली से पहले एक नया लुक मिल सकेगा। हालांकि इस काम के लिए विभागीय स्तर पर नया बजट जारी नहीं किया गया है। इसे जनसहयोग और सामुदायिक सहभागिता से पूरा किया जाएगा। ​शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, जिले के सभी स्कूलों में रंग-रोगन, साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। 3 नवंबर तक हर हाल में काम पूरा करना अनिवार्य किया गया है। दीपोत्सव की पूरी अवधि के दौरान सभी परिसरों को आकर्षक लाइटिंग से रोशन किया जाएगा। इस अभियान में शिक्षकों और स्टूडेंट्स के साथ-साथ पेरेंट्स, स्थानीय ग्रामवासियों, स्काउट-गाइड, एनएसएस और एनसीसी के कैडेट्स का सहयोग लिया जाएगा। सभी के सामूहिक श्रमदान के जरिए स्कूल परिसर, खेल मैदान, कक्षा-कक्षों और शौचालयों आदि की सफाई, रिपेयरिंग का कार्य होगा। ​नकारा सामान की होगी नीलामी ​अभियान के तहत स्कूलों में लंबे समय से डंप पड़े बेकार और नकारा फर्नीचर और अन्य अनुपयोगी सामग्रियों को नियमानुसार नष्ट करने या नीलाम करने के निर्देश माध्यमिक शिक्षा विभाग ने दिए हैं, जिससे परिसरों को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाया जा सके। ​सीडीईओ अशोक शर्मा ने बताया कि दीपावली से पहले स्कूलों को संवारने के लिए कोई अलग से बजट नहीं मिला है, इसलिए मुख्य रूप से जनसहयोग ही जुटाना होगा। हालांकि, यदि जनसहयोग की पूरी व्यवस्था नहीं हो पाती है, तो स्कूल आवश्यकतानुसार अपनी 'कंपोजिट स्कूल ग्रांट' की राशि का उपयोग कर सकते हैं।