थार के तपते धोरों और कंटीली तारबंदी के बीच बुधवार की रात में एक पाकिस्तानी युवक भारतीय सीमा में घुस आया। 26 वर्षीय पाकिस्तानी युवक मोहम्मद आवेश भारतीय सीमा में 800 मीटर अंदर पकड़ा गया । बीएसएफ के जवानों की ओर से उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वो रुका नहीं। इस पर पीछा कर उसे दबोचा लिया। इसके बाद धनाऊ पुलिस को सुपुर्द किया है। बॉर्डर पर घुसपैठ कर पकड़े गए पाकिस्तान के मीठी निवासी आवेश पुत्र हजूर खां ने प्रारंभिक पूछताछ में जो कहानी बताई है, वह किसी फिल्म के भावुक सीन जैसी है। उसने बताया कि वह घर में अपनी मर्जी से शादी करना चाहता था। घरवाले राजी नहीं थे। इसी विवाद और नाराजगी के चलते वह अपना घर छोड़कर, जान की परवाह किए बगैर, तारबंदी पार कर भारत में आ गया। वहां से पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां युवक को पूछताछ के लिए बाड़मेर लेकर आईं। डीएसपी जेठाराम ने बताया 10 किमी. क्षेत्र में सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। बाड़मेर में संयुक्त रूप से सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ शुरू की है। बोला- घरवालों ने शादी की बात ठुकराई, इसलिए भारतीय सीमा में घुसा भारत-पाक बॉर्डर तस्करी और घुसपैठ को लेकर हमेशा चर्चा में रहा है। यहां पिछले कुछ सालों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। बाखासर, ब्राह्मणों का बेरा, जाटों का बेरा, स्वरूपे का तला, भभूते की ढाणी, मुनाबाव, गडरारोड, कुम्हारों का टीबा, अकली, पांचला बॉर्डर इलाके में पिछले 10-12 सालों में हेरोइन, हथियार और घुसपैठ की घटनाएं सामने आई हैं। अब बीएसएफ इन इलाकों में विशेष निगरानी रख रही है। बॉर्डर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी भी लगाए हैं। 24 घंटे बॉर्डर पर सीसीटीवी से मॉनिटरिंग हो रही है। स्वरूपे का तला बॉर्डर पहले से संवेदनशील रहा है। यहां सुरक्षा एजेंसियां ज्यादा सतर्कता बरत रही हैं। अब यहां एक माह में दूसरी बार बॉर्डर पार से गतिविधि हुई है। एक माह पहले बॉर्डर पर पकड़ी थी 5 किलो ड्रग्स नशे के अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ एटीएस (ATS) और स्थानीय पुलिस ने 5 मई को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हाथीतला इलाके में चले एक गोपनीय ऑपरेशन के दौरान टीम ने सीमा पार से आई 5 किलो हेरोइन बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए तस्कर सलमान ने पूछताछ में बताया कि पाकिस्तानी तस्कर मसात 1 अप्रैल की रात बॉर्डर क्रॉस करके 150 मीटर तक भारतीय सीमा में घुसा था। उसने ड्रग्स को जमीन में गाड़कर उसकी लोकेशन ली थी और इसका वीडियो भी बनाया था। आगे क्या: संदिग्ध नहीं मिला तो इसे वापस सौंपेंगे बाड़मेर बॉर्डर से पूर्व में भी इस तरह के कई संदिग्ध पाकिस्तानी पकड़े जा चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त पूछताछ के बाद यदि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलता है, तो भारत की तरफ से पाक एजेंसियों के साथ मीटिंग करके उन्हें वापस सुपुर्द करने की कार्रवाई की जाती है। हाल ही में पकड़े गए आवेश मोहम्मद से भी पूछताछ जारी है; यदि उसके पास से कुछ संदिग्ध नहीं मिलता है, तो उसे भी वापस सुपुर्द कर दिया जाएगा। 7 साल में 5 घुसपैठिए पकड़े, चार मार गिराए > 7 मई 2026 : स्वरूपे का तला में घुसपैठिए को पकड़ा।
> 7 अप्रैल 2026: पाक तस्कर ने 150 मीटर अंदर छुपाई थी ड्रग्स।
> 27 नवंबर 2025: जाटों का बेरा में एक घुसपैठिये को पकड़ा।
> 8 अक्टूबर 2025: BSF ने दो पाक नागरिकों को पकड़ा।
> अगस्त 2023: गडरा रोड में एक पाक नागरिक पकड़ा गया।
> 2 मई 2023: बाड़मेरवाला बॉर्डर पर दो घुसपैठियों को मार गिराया।
> फरवरी 2022: तारबंदी पार करते पाक घुसपैठिया ढेर।
> अगस्त 2020: बाखासर में घुसपैठिए को जवानों ने मार गिराया।