बांसवाड़ा| आरडीएसएस योजना के तहत वीरपुर जीएसएस के नल्दा फीडर तक चल रहे बिजली लाइन डालने के काम में चोरी का मामला सामने आया है। ठेकेदार ने जिस सुरक्षा गार्ड को लाखों के सामान की सुरक्षा सौंपी थी, वही दो ड्रम बिजली के तारों को कंपनी के ही ट्रैक्टर ट्रॉली में रखकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, उदयपुर जिले के उमरड़ा-सेमड़ निवासी ठेकेदार राजकुमार सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी फर्म सांवरिया इंटरप्राइजेज वीरपुर जीएसएस से नल्दा फीडर तक बिजली लाइन जोड़ने का काम कर रही है। साइट पर रखे महंगे तार और उपकरणों की निगरानी के लिए उंडीथल गोगुंदा उदयपुर के बसंत सिंह को 16 मार्च को चौकीदार रखा था। आरोप है कि 29 मार्च की शाम करीब 7 बजे बसंत सिंह ने मौका देखकर कांतिलाल पटेल के बाड़े में रखे 2 ड्रम बिजली तार व अन्य सामान वहां खड़े कंपनी के ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर फरार हो गया। अगले दिन जब मजदूर साइट पर पहुंचे तो न ट्रैक्टर मिला, न सामान। सूचना पर ठेकेदार ने कॉल किया तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। तलाशी के दौरान ट्रैक्टर आंबापुरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़ा मिला, लेकिन तार और बाकी सामान गायब था। पीड़ित का आरोप है कि कई दिन तक खुद तलाश करने के बाद अब पुलिस में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। चोरी गए सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है।