सीकर में पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना हुआ है। गर्म हवा के कारण दिनभर लू का एहसास रहा। आसमान साफ होने की वजह से धूप में तेजी रही। लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते नजर आ रहे हैं। बाजार में भी कोल्ड ड्रिंक और ज्यूस की डिमांड बढ़ने लगी है। 25 अप्रैल तक तेज गर्म हवा चलने की संभावना है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले मंगलवार को दिन में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में दिन में लगातार गर्मी तेज बनी हुई है। मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में भी तेजी रही। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सीकर जिले में अगले 3 दिन मौसम ड्राई रहेगा। अभी तेज गर्मी का असर रात के तापमान में भी महसूस हो रहा है। अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी संभव है। इस बार क्लाइमेट चेंज की वजह से अप्रैल महीने में भी तेज गर्मी पड़ रही है। 25 अप्रैल तक तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।