भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ स्कूली छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग बनाने और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांच इमली में यह कार्यक्रम किया। इस दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण सत्र में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच और राजकोप सिटीजन एप के उपयोग की जानकारी दी गई। राज्य स्तर पर चल रहे ऑपरेशन गरिमा के तहत छेड़छाड़ से बचाव के उपाय बताए गए। इसके साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गरिमा हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के महत्व को समझाया गया। छात्राओं को पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर शोषण के विरुद्ध बने कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। सोशल मीडिया अपराधों से बचने और कानूनी कार्यवाही के बारे में भी जानकारी दी गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना है।