सलूंबर जिले में 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने सेमारी उपखंड में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान चावंड और सेमारी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से आठ खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। सेमारी में दो दुकानों से भारी मात्रा में दूषित और अवधि पार खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सलूंबर के निर्देश पर, उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। सेमारी में मेसर्स के.के.जे.बी. मार्ट और मेसर्स एल.जे. मार्ट पर निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के मसाले, तेल, सूजी, बेसन, चाय पत्ती, पापड़, राजगिरा, सिंघाड़ा आटा और पोहा जैसी 700 किलो दूषित और अवधि पार सामग्री मिली। इसे जनहित में प्रशासन की उपस्थिति में डंपिंग यार्ड में ले जाकर नष्ट करवाया गया। 14 किलो घी का नमूना लिया मेसर्स के.के.जे.बी. मार्ट से 'मारवाड़ की शान सरस' ब्रांड के 14 किलो घी का नमूना लिया गया और रिपोर्ट आने तक उसे जब्त कर लिया गया। इसी तरह, मेसर्स एल.जे. मार्ट से गुलाब जामुन और मेसर्स विमल चंद लिखमीचंद से तेल के नमूने भी लिए गए। बिना लेबल के खाद्य सामग्री बेची जा रही निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विक्रेताओं ने खाद्य अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया था। प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का अभाव था और अधिकतर खाद्य सामग्री बिना लेबल के बेची जा रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी ने इन कमियों के संबंध में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत सुधार नोटिस जारी करने की बात कही। खाद्य सामग्री के नमूने लिए खाद्य सुरक्षा दल ने चावंड में एमजी होटल का भी निरीक्षण किया, जहां से विभिन्न मसाले, बिस्कुट और दही के नमूने लिए गए। इस रेस्टोरेंट में खाद्य रंगों का उपयोग किया जा रहा था, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई व खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी द्वारा बस स्टैंड स्थित मिष्ठान विक्रेता व अन्य किराना व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा जागरूकता से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किया एवं साफ-सफाई रखने हेतु पाबंद किया गया । इस कार्रवाई में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी राजस्व निरीक्षक गजेंद्र, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश पुष्करणा, निशा मीना और सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे। खाद्य सामग्री नहीं बेचने हेतु प्रेरित किया खुले में खाद्य सामग्री नहीं बेचने एवं खाद्य सामग्री बनाने में गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ काम में लेने हेतु प्रेरित किया गया। डॉ महेन्द्र कुमार परमार ने बताया कि 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान' के तहत निरीक्षण व नामुनिकरण की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।