अलवर| रसद विभाग ने मंगलवार को एलपीजी गैस के अवैध संग्रहण, परिवहन और व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जसवंत नगर में छापा मारा। डीएसओ विनोद जुनेजा ने बताया कि दामोदर के बाड़े की जांच के दौरान 19 किलोग्राम क्षमता के 6 घरेलू गैस सिलेंडर व 5 किलोग्राम का एक सिलेंडर भंडारित पाया गया। सिलेंडरों को जब्त कर अलवर इंडेन गैस एजेंसी को सुपुर्द किया गया। कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी बनवारीलाल शर्मा और गुलाब सिंह शामिल रहे। डीएसओ ने बताया कि घरेलू गैस का दुरुपयोग रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वर्तमान में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए आमजन से अपील की गई है कि बिना जरूरत सिलेंडर की बुकिंग न कराएं। शहरी क्षेत्रों में औसतन 25 दिन व ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में बुकिंग हो रही है। साथ ही, पारदर्शिता के लिए सिलेंडर डिलीवरी अब 100 प्रतिशत ओटीपी के जरिए सुनिश्चित की जा रही है।