"किसे पता था, नया काम ही मेरे पति की मौत का कारण बन जाएगा।" यह कहना है शब्बीर अली की पत्नी खुशबू का, जिनकी आंखों में दर्द और बेबसी साफ झलक रही थी। शब्बीर कबाड़े का काम करते थे, लेकिन हत्या से 5 दिन पहले ही उन्होंने बेहतर भविष्य की उम्मीद में शराब की दुकान के सामने एक स्टॉल लगाया था। यह उनका नया काम था, एक नई शुरुआत, पर किसे पता था कि यह शुरुआत इतनी दर्दनाक अंत लेकर आएगी। 9 अप्रैल की रात करीब 8.30 बजे घर बाहर बुलाकर आरोपी नरेंद्र पांचाल उर्फ नंदा ने चाकू मारकर शब्बीर की जान ले ली। खुशबू बताती हैं कि हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि आरोपी नरेंद्र पांचाल उर्फ नंदा (26) ने उनसे मुफ्त में चने-मूंगफली ली थी, और जब शब्बीर ने पैसे मांगे, तो उसने उनकी जान ले ली। पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी नंदा एक साल पहले इसी इलाके में किराए पर रहता था। खुशबू की बड़ी बहन रानी ने बताया कि हमने दोनों बहनों ने हिंदू परिवार में लव मैरिज की थी। 6 साल पहले खुशबू (रुकैया) पति के बीच अनबन हुई थी, जिसके बाद खुशबू का पहला पति दोनों बच्चों को छोड़कर नीमच चला गया। उसने वहां जाकर दूसरी लड़की से शादी कर ली। खुशबू अभी भी अपने पहले पति के मकान में रह रही है। इसी दौरान उसकी मुलाकात शब्बीर अली से हुई, जो उसी के समाज के थे। 6 लोगों की जिम्मेदारी थी शब्बीर मूल रूप से झालावाड़ जिले के झालरापाटन का रहने वाला था। वह 8-9 साल से कोटा में रहकर कबाड़े का काम करता था। दोनों ने लव मैरिज कर ली। लव मैरिज के बाद शब्बीर भी खुशबू के दोनों बच्चों के साथ इसी मकान में रहने लगा। शब्बीर और खुशबू का एक बच्चा है, जो अभी 5 साल का है। शब्बीर पर अपने माता-पिता, पत्नी खुशबू और तीन बच्चों (17 साल का बेटा, 12 साल की बेटी और 5 साल का बेटा) की जिम्मेदारी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण तीनों बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ा। दो बड़े बच्चे एक साल से स्कूल नहीं जा रहे थे। मुस्लिम होते हुए भी शब्बीर हर त्यौहार में शामिल होता था। उसका व्यवहार सबसे अच्छा था। 5 दिन पहले ही घर से 300 मीटर दूर स्टॉल लगाया था पत्नी खुशबू ने बताया कि पति दिन में कबाड़े का काम करते थे। 5 दिन पहले ही घर से 300 मीटर दूर शराब की दुकान के सामने चने, मूंगफली और अंडे का स्टॉल लगाया था। आरोपी नंदा तीन दिन से उसके पति को परेशान कर रहा था। वह अक्सर स्टॉल से मुफ्त में चने-मूंगफली लेता था। 9 अप्रैल को भी उसने मुफ्त में चने-मूंगफली लिए। विवाद के बाद पति स्टॉल बंद करके करीब सवा आठ बजे घर लौटे। पति को साइड में बुलाया और गाली-गलौज करने लगा पत्नी खुशबू ने बताया कि वह घर के बाहर लगे नल में हाथ-पैर धो रहे थे। आरोपी नंदा भी पति के पीछे-पीछे वहां आ गया। नंदा शराब के नशे में था। उसने बात करने के लिए पति को साइड में बुलाया और गाली-गलौज करने लगा। पति ने नंदा से वापस जाने को कहा। दोनों के बीच कहा-सुनी हुई। उसी दौरान नंदा ने पति पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। क्या पता था पति का काम उनकी मौत का कारण बनेगा। छोटी-मोटी कहा-सुनी और झगड़े तो होते रहते हैं। एक महीने पहले भी एक दूर के रिश्तेदार से कहा-सुनी हुई थी। पति ने गली में तेज स्पीड से गाड़ी चलाने से टोका था, तब भी पति को धमकी मिली थी। खुशबू ने बताया कि हत्या के वास्तविक कारण पुलिस जांच में ही सामने आएंगे। हत्याकांड से जुड़ी ये 2 खबर भी पढ़िए…