बारां की शाहाबाद पंचायत समिति के वार्ड आठ से भाजपा प्रत्याशी सुघर सिंह सहरिया ने अपहरण कर धमकाने और जबरन नामांकन वापस कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में कस्बा थाना पुलिस थाने में धर्मेन्द्र गुप्ता उर्फ बिल्लू, चिन्नू गोयल और राजवीर सिंह यादव के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, भाजपा के शाहाबाद क्षेत्र चुनाव प्रभारी ताराचंद गुर्जर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर वार्ड का चुनाव रद्द कराने की मांग की है। गांव से जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का आरोप थानाधिकारी योगेश शर्मा ने बताया कि सुघर सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि नाम वापसी वाले दिन वह गांव कोटड़ा से देवरी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीनों आरोपियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया और शाहाबाद ले आए। वहां उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए धमकाया गया। एसडीएम कार्यालय में दस्तखत कराने का आरोप शिकायत के अनुसार, सुघर सिंह को जबरन शाहाबाद एसडीएम कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे कुछ कागजों पर दस्तखत करा लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ अपहरण समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी कर रहे मामले की जांच थानाधिकारी के अनुसार, मामले की जांच शाहाबाद डीएसपी कर रहे हैं। उधर, भाजपा के शाहाबाद क्षेत्र चुनाव प्रभारी ताराचंद गुर्जर ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर वार्ड आठ का चुनाव रद्द करने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।