खैरथल-तिजारा जिले की ग्राम पंचायत शाहबाद में खसरा संख्या 989 स्थित आवासीय भूमि विवाद को लेकर मजदूर विकास फाउंडेशन के संस्थापक ताराचंद खोयड़ावाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वर्षों से निवासरत गरीब परिवारों के मकानों को ध्वस्त नहीं करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि विवादित भूमि पर कई परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। बेदखली की आशंका से परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से न्यायालयीन प्रक्रिया का सम्मान करते हुए किसी भी कार्रवाई से पहले सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वैधानिक अधिकारों की रक्षा की उठाई मांग मजदूर विकास फाउंडेशन के संस्थापक ताराचंद खोयड़ावाल ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले कानून और न्यायालय के आदेशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि फिलहाल किसी भी आवासीय मकान का ध्वस्तीकरण नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल आवागमन में बाधा बन रहे रास्ते को साफ कराने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि पूरे मामले में नियमानुसार और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी तथा सभी पक्षों के तथ्यों को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा। मजदूर विकास फाउंडेशन ने जिला प्रशासन के आश्वासन का स्वागत करते हुए एक बार फिर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और पात्र परिवारों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।