ब्यावर जिले के महिला अधिकारिता विभाग ने अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह के तहत शाहपुरा मोहल्ला स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को एक जागरूकता कार्यक्रम किया। इसमें 180 छात्राओं ने भाग लिया। बालिकाओं को शिक्षा सेतु योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना समेत कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी ने छात्राओं को योजनाओं के मकसद, पात्रता और उनसे मिलने वाले फायदों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि हर पात्र बालिका और महिला तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचना जरूरी है, ताकि वे शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण में आगे बढ़ सकें। चौधरी ने छात्राओं से उपलब्ध अवसरों का फायदा उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि योजनाओं का लाभ आखिरी पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है। प्रिंसिपल सुनीता चौधरी की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ।