राजधानी के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने उस समय बड़ा रूप ले लिया, जब दोनों बच्चों के परिजन आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के पिता पेशे से एडवोकेट बताए जा रहे हैं। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बाइक पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, सुभाष कॉलोनी स्थित खंडेलवाल कॉलेज के पास बाइक खड़ी करने की बात को लेकर दो बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी। बच्चों का विवाद बढ़ने पर दोनों के पिता मौके पर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल किया। इसके बाद दोनों पक्षों को शास्त्री नगर थाने लाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक गोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। विवाद की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थक और परिचित भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। शास्त्री नगर थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस समझाइश के जरिए मामले का समाधान कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है तो ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सहायक पुलिस आयुक्त शास्त्री नगर हंसराज बेरवा ने बताया कि घटना रात करीब पौने नौ बजे निजी कॉलेज के पीछे स्थित कॉलोनी में हुई। स्कूटी सवार दो युवकों और एक बाइक सवार के बीच रास्ता देने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में दो पक्षों के विवाद में बदल गई। दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और हाथापाई होने लगी, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। झगड़े में शामिल बाइक सवारों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पा लिया गया और दोनों पक्षों को समझाकर उनके घर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।