शेखावाटी के विख्यात कॉमेडियन बन्नू(बनवारीलाल गोस्वामी) और पंकू(पंकज सोनी) का लगभग 1 साल पहले शुरू हुआ अलगाव अब खुलकर सड़क पर आ गया है। बीती रात पंकज सोनी ने रोते हुए वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें पंकज ने पुलिस पर घर में घुसने और बनवारीलाल गोस्वामी के परिवारजनों पर परेशान करने का आरोप लगाया था। आज पंकज सोनी ने सीकर जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पंकज सोनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि SP से मिलकर रात को हुई घटना को लेकर न्याय की मांग की है। मंगलवार की रात को घर से कैमरे निकाले गए और पुलिस ने अपराधियों जैसा व्यवहार किया। SP ने लीगल कार्रवाई करने और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। पंकज ने बताया कि घर पर उनके माता-पिता अकेले थे। मकान और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। 5 सालों से पूरा परिवार उसी मकान में रह रहा है। अब वो(बनवारीलाल व उनका परिवार) उस मकान पर दावा करने लगे हैं। गौरतलब है कि कॉमेडियन बनवारीलाल गोस्वामी और कॉमेडियन पंकज सोनी पहले एक साथ कॉमेडी वीडियो बनाते थे। फिर इनके बीच अलगाव हो गया और अब प्रॉपर्टी व मकान को लेकर दोनों पक्षों की लड़ाई बढ़ गई है।