सीकर में नए वेदर सिस्टम की वजह से रविवार रात को आई आंधी के बाद से दिनभर ठंडी हवा चली। इस वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। पिछले 4 दिन से सीकर के तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है। हवा की वजह से सोमवार सुबह से धूप की तल्खी भी कमजोर रही। अधिकतम तापमान में आधा डिग्री की गिरावट हुई है। सीकर के कुछ इलाकों में रविवार रात को धूल भरी हवा के साथ बारिश हुई। बारिश की वजह से ठंडी हवा चली। दिन में उच्च वायुदाब की स्थितियां बनने से हवा चली और बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन में गर्मी कम होने से लोगों को राहत मिली। अब 24 घंटे तक मौसम स्थिर बना रहेगा, इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने का अनुमान है। वहीं अब अगले 3 दिन तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र स्थित मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप के बीच हवा की वजह से तापमान में गिरावट रही। सीकर में अगले 3 दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार- सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में 5 दिन पहले नया वेदर सिस्टम एक्टिव हुआ था। इस वजह से 29 अप्रैल से आंधी-अंधड़ का क्रम बना रहा। अब 6 मई से तापमान फिर बढ़ने की उम्मीद है। क्लाइमेट चेंज की वजह से इस बार गर्मी ने मार्च महीने में दस्तक दे दी थी। मई महीने के अंतिम सप्ताह में नौतपा रहेगा।