सदर थाना क्षेत्र के शिशियां गांव के जोहड़ में मिट्टी खुदाई और भराव के काम के दौरान 26 साल के युवक शक्तिमान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के सीने और पेट पर लोडर के टायर चढ़ने जैसे निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए लोडर मालिक सुरजीत, उसके पिता, ट्रैक्टर चालक दीपक और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शव बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। सुबह काम पर गया था, दोपहर में मिली मौत की सूचना ढेवा का बास, बाकरा निवासी परमेश्वरलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई शक्तिमान पुत्र राजपाल सिंह लोडर चलाने का काम करता था। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे वह शिशियां गांव के जोहड़ में मिट्टी खुदाई और भराव के काम के लिए गया था। परमेश्वरलाल के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे लोडर मालिक सुरजीत का फोन आया कि शक्तिमान बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई मृत अवस्था में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सीने और पेट पर टायर चढ़ने जैसे निशान परिजनों का कहना है कि शक्तिमान के सीने और पेट पर लोडर के टायर चढ़ने जैसे निशान मिले हैं। इसी आधार पर उन्होंने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। मौके पर नहीं मिले लोडर और ट्रैक्टर परमेश्वरलाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचा तो वहां लोडर और ट्रैक्टर मौजूद नहीं थे। रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर लोडर मालिक सुरजीत, उसके पिता, ट्रैक्टर चालक दीपक और दो-तीन अन्य लोग मौजूद थे। परिजनों ने इन लोगों की भूमिका की जांच करने और घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने लाने की मांग की है। उन्होंने युवक की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना के बाद परिजन शक्तिमान को खेतान अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के भाई ने पुलिस को रिपोर्ट देकर लोडर मालिक, उसके पिता, ट्रैक्टर चालक और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के संदेह में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह थानाधिकारी विमला बुडानिया ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।