धौलपुर। नेशनल हाइवे 44 के ब्लैक स्पॉट वाटरवर्क्स चौराहे को जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बंद कर दिया है,जिससे चौराहे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौत के आंकड़ों को रोका जा सके। चौराहे पर बैरिकेडिंग और लोहे के तार लगाकर बंद कर दिया गया हैं। इसके बावजूद लापरवाह वाहन चालक मनमानी पर उतारु हैं। उन्हें न अपनी जान की चिंता है और न ही किसी दूसरे की जान की चिंता। बैरिकेडिंग के बाद भी पत्थर के ऊपर बाइक चढ़ा कर चालक शॉर्ट कट लेने के चक्कर में चौराहा पार करने की जुगाड़ में लगे नजर आए। जबकि मौके पर मौजूद यातायात पुलिस इस नजारे को मूकदर्शक बनकर खड़े होकर देखती रही। हाइवे पर चौराहा होने के कारण लगातार वाहनों को बड़ा दबाब बना रहता है,तेज रफ्तार वाहन गुजरते है। इसके बावजूद लोग जोखिम भरा शॉर्ट कट लेने से बाज नही आ रहे।