श्रीगंगानगर में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) चुनाव को लेकर मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। जिले में 5 प्रत्याशी मैदान में हैं और करीब 2500 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, रायसिंहनगर में बैलेट पेपर पर मतदाताओं साइन करवाने को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद यहां चुनाव रोक दिए गए। इसके बाद मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा के बीच ताला लगा दिया गया और केंद्र के बाहर मतदान स्थगित का नोटिस चस्पा कर दिया गया। इस दौरान वकीलों ने मतदान केंद्र के बाहर हंगामा भी किया। श्रीगंगानगर में चुनाव प्रक्रिया स्थगित, पुलिस जाब्ता तैनात एडवोकेट रणवीर ने बताया- श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में बार काउंसिल चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मतपत्र पर साइन करवाने को लेकर शुरू हुए विवाद के चलते चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया गया है। विवाद बढ़ने के बाद कुछ मतदाताओं ने मतदान रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आगामी आदेश तक चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी है। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए SI सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता तैनात है। मतपत्रों पर मतदाताओं से जबरन साइन करवाए मतदाताओं का कहना है- मतदान केंद्र पर नियम विरुद्ध तरीके से उक्त चुनाव अधिकारियों द्वारा मतपत्रों पर मतदाताओं से जबरन साइन करवाए गए। जबकि मतदाता द्वारा चुनाव प्रक्रिया व जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक चुनाव अधिकारी को मतपत्र पर हस्ताक्षर न करने के लिए कहा गया। फिर भी चुनाव अधिकारी द्वारा साइन करवाए गए। इससे गोपनीयता भंग होने के साथ-साथ मतपत्र निरस्त हो जाएंगे। मतदाता मत देने के अमूल्य अधिकार से वंचित रह जाएंगे और आपस में मतभेद बढ़ेगा। ऐसे में मतदान केंद्र पर नियम विरुद्ध और दोषपूर्ण तरीके से करवाए मतदान को निरस्त किया जाए। श्रीगंगानर के सीनियर वकील सीताराम बिश्नोई ने बताया कि रायसिंहनगर में चुनाव निरस्त होगा या आगे क्या कार्रवाई होगी, वह अलग विषय है। लेकिन, श्रीगंगानगर में ये हमारे परिवार का चुनाव है। यहां काफी उत्साह है और इस बार युवा आगे आएंगे। प्रदेश में 84,247 अधिवक्ता कर रहे मतदान
राजस्थान में 23 पदों के लिए कुल 234 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला प्रदेश के 84,247 अधिवक्ता करेंगे। यह चुनाव करीब तीन साल की देरी के बाद और 8 साल बाद आयोजित किया जा रहा है। पिछला बीसीआर चुनाव वर्ष 2018 में हुआ था। श्रीगंगानगर में 2500 वकील मतदाता, 11 केंद्रों पर मतदान
श्रीगंगानगर जिले में लगभग 2500 अधिवक्ता मतदाता हैं। जिला मुख्यालय पर 1665 वोटर्स के लिए दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में गंगानगर, सादुलशहर, करणपुर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़, अनूपगढ़, घड़साना, पदमपुर और श्रीविजयनगर सहित कुल 11 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। कोर्ट परिसर में सुबह से भीड़, सुरक्षा के बीच मतदान
कोर्ट परिसर के बाहर सुबह से ही वकीलों की भीड़ नजर आई। प्रत्याशी स्वयं बाहर खड़े होकर मतदाताओं से वोट देने की अपील करते दिखे। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट रूम के अंदर और बाहर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। दोपहर 2 बजे तक 1 हजार से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया।