एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक और डमी कैंडिडेट मामले में एसओजी ने 15 लाख रुपए की डील कर अपने स्थान पर फर्जी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी डेढ़ साल से फरार था। एसओजी एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी सियाराम मीना (32) निवासी अलीनगर-टोंक ने हनुमान प्रसाद मीना नामक शख्स से 15 लाख रुपए में सौदा किया था। 13 सितंबर 2021 को हुई परीक्षा में सियाराम की जगह किसी और ने पेपर दिया। सियाराम को हिंदी में 200 में से 140.21 और सामान्य ज्ञान में 109 अंक मिले। डमी की मदद से सियाराम ने लिखित परीक्षा तो पास कर ली, लेकिन एसओजी की जांच के बीच आरबीएससी ने डिबार कर दिया। मामले की जांच कर रहे एएसपी चिरंजीलाल मीना लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रहे थे। सियाराम पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। सोमवार को टोंक पुलिस की सहायता से दबोच लिया गया। कोर्ट ने आरोपी को 9 अप्रैल तक रिमांड पर दिया है।