सीकर के उद्योग नगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.30 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की गई है। यह कार्रवाई सीकर के इंडस्ट्रियल एरिया में की गई। उद्योग नगर थाना प्रभारी एसएचओ राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि गिरफ्तार युवक का नाम मनफूल बंजारा (33) पुत्र हेमाराम बंजारा है। वह कच्ची बस्ती, हाउसिंग बोर्ड के पास बस डिपो का निवासी है। उसके पास से 7.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई है और उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस को ह्यूमन इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी कि इंडस्ट्रियल एरिया में एक युवक मादक पदार्थ बेचने के इरादे से आया हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखते ही बाइक सवार युवक ने अपनी बाइक घुमाने की कोशिश की। संदिग्ध व्यवहार देखकर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली तो उसके पास 7.30 ग्राम स्मैक मिली। शुरूआती जांच में पता चला कि आरोपी ने उदयपुरवाटी के रमेश सांसी से यह स्मैक खरीदी थी। वह इसे शहर के अलग-अलग इलाकों में पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस अब मुख्य सप्लायर रमेश सांसी का पता लगाने में जुटी हुई है।