सीकर में शराब के नशे में 63 साल का बुजुर्ग चाकू लेकर घूम रहा था। उस पर लड़कियों को चाकू दिखाने का भी आरोप है। स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है। कोतवाली थाना इलाके में स्टेशन रोड पर यह घटना सोमवार रात 8 बजे हुई। पुलिस ने कैलाश शर्मा (63) निवासी कुम्हारों का मोहल्ला सम्राट सिनेमा को गिरफ्तार किया। आरोप- दो लड़कियों को दिखाया चाकू कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया- सूचना मिली कि स्टेशन रोड एरिया में बुजुर्ग कैलाश चाकू लेकर घूम रहा है। इस सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी कैलाश को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कैलाश नशे की हालत में चाकू लेकर घूम रहा था। चाकू को जब्त करते हुए आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया गया है। इधर, लोगों का आरोप है कि शराब के नशे में बुजुर्ग ने दो लड़कियों को भी चाकू दिखाया। मामले में SHO सुनील कुमार जांगिड़ ने कहा- मामले में अभी जांच जारी है।