सीकर में श्रावण मास के कावड़ मेले के तहत सीकर से गंगोत्री के लिए शिवभक्तों की 16वीं कांवड़ पदयात्रा रविवार को राधाकिशनपुरा की मोदी कोठी से रवाना हुई। 20 शिवभक्तों का जत्था लगभग 1300 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर 1 महीने बाद गंगोत्री से गंगाजल लेकर सीकर लौटेगा। हर्ष पर्वत पर स्थित भैरूनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के साथ पदयात्रा संपन्न होगी। जत्थे की रवानगी के अवसर पर पालवास बगीची के भगवान दास महाराज और अमरदास महाराज ने शिवभक्तों को दुपट्टा पहनाकर और पुष्पवर्षा कर रवाना किया। गंगोत्री के गंगाजल से 16वीं बार भोलेनाथ का होगा अभिषेक यात्रा प्रमुख सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि लगातार 16वीं बार सीकर में गंगोत्री के गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक होगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज कल्याण के लिर निकाली जा रही है। शहर के शिवालयों में पहुंचाया जाता है गंगोत्री से लाया गंगाजल भगवान दास महाराज और अमरदास महाराज ने कहा कि शिवभक्तों की टोली जब गंगोत्री से कांवड़ लेकर लौटती हैं तो पूरे शहर के विभिन्न शिवालयों में गंगा नदी के उद्गम स्थल का गंगाजल पहुंचाया जाता है। गंगोत्री से पैदल कांवड़ लेकर आएंगे शिव भक्त रतनलाल सैनी ने बताया कि 20 पदयात्री गंगोत्री से पैदल कांवड़ लेकर आएंगे। पिछले 15 साल से सीकर के युवा 1000 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं। यात्रा में सुरेश सैनी, विनोद सैनी, अभिषेक गुर्जर, पन्नालाल गुर्जर, मुकेश सैनी, गोपाल सैनी, गोगाराम सैनी, राकेश सैनी, पंकज सैनी, संजय सैनी, प्रह्लाद सैनी, मूलचंद सैनी, राहुल सैनी, मनीष शर्मा, बजरंग हर्ष और रोहित सैनी समेत कई शिवभक्त शामिल रहेंगे।