सीकर में ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में पिअकप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर घायल हो गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और दोनों ड्राइवर केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गए। पिकअप में लिक्विड नाइट्रोजन गैस के सिलेंडर भरे हुए थे। हादसा लोसल थाना क्षेत्र में कोटपूतली-कुचामन स्टेट हाईवे पर बामणी बस स्टैंड के पास सोमवार को हुआ, जहां हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रैफिक खुला। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTO'S दोनों ड्राइवर सीटों के बीच फंसे रहे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और दोनों ड्राइवर सीटों के बीच ही फंसे रह गए। लोगों की सूचना के बाद लोसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को अलग किया और केबिन को काटकर दोनों ड्राइवर को बाहर निकाला। हादसे के मृतक पिकअप ड्राइवर की पहचान चौमूं निवासी पृथ्वीराज सिंह के रूप में हुई। वहीं, दूसरी ओर घायल ट्रक ड्राइवर को एम्बुलेंस की मदद से लोसल उपजिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीकर जिला अस्पताल रैफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतक पिकअप ड्राइवर पृथ्वीराज सिंह के शव को लोसल उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पिकअप में भरी थी लिक्विड नाइट्रोजन दुर्घटना में पिकअप में भरे लिक्विड नाइट्रोजन के सिलेंडर बिखर गए। कुछ सिलेंडर में से लिक्विड नाइट्रोजन गैस रिसने लगी, हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। सीनियर वेटेनरी डॉ. गणेश सिंह ने बताया कि वेटेनरी मेडिकल (पशु चिकित्सा) के क्षेत्र में काम आने वाली बेहद ठंडी लिक्विड नाइट्रोजन गैस (Liquid Nitrogen Gas) है। गनीमत रही कि टक्कर के बाद गैस सिलेंडर में कोई बड़ा ब्लास्ट नहीं हुआ।