सीकर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। जिले में सुबह से धूप निकली है। हवा में नमी के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर अभी कोई अलर्ट नहीं है। जिले में अगले 24 घंटे में हल्के बादल छाने की संभावना है। बतादे, पिछले 4 दिन से जिले का मौसम ड्राई बना हुआ है। आज सुबह से उत्तरी इलाकों में हल्की ठंडी हवा चलने से उमस से राहत है। सीकर में इस साल मानसून के फर्स्ट और सेकंड फेज में अच्छी बारिश नहीं हुई। लेकिन पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई। जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया था।