सीकर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। आज तेज धूप निकली हुई है। हालांकि कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं। सुबह से हल्की ठंडक का असर है। दिन और रात के तापमान में गिरावट हो रही है। सीकर में बीते गुरुवार-शुक्रवार को हुई बारिश के बाद मौसम बदल गया है। आज सुबह से जिले के उत्तरी इलाकों में हल्के बादल छाए हैं। ठंडी हवा के चलते धूप निकलने के बावजूद भी गर्मी का असर कम है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले 24 घंटे मौसम ड्राई रहेगा। पिछले 2 दिन से तापमान में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिले के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया था। जिला मुख्यालय पर आज बादलवाही कम होने से धूप में तेजी है, लेकिन उमस से राहत है।