सीकरी के नगर रोड पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चारपाई पर बैठी मां और सो रहे बेटे को कुचल दिया। 60 साल की मां ने मौके पर दम तोड़ दिया था। वहीं 30 साल के बेटे का जयपुर में इलाज चल रहा है। अब इस पूरी घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। चारपाई पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, मच गई चीख-पुकार जानकारी के अनुसार, गाड़िया लोहार परिवार के राजेश (30) और उनकी मां महमू (60) नगर रोड पेट्रोल पंप के पास कार ने टक्कर दी है। मां चारपाई पर बैठी थी। बेटा सो रहा था। अचानक नगर रोड की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वैगनआर कार सीधे उनकी चारपाई पर चढ़ गई। टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। कार पलटने की कोशिश, ड्राइवर को पीटा हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने तुरंत कार को घेर लिया और उसे पलटने का प्रयास किया। उग्र भीड़ ने ड्राइवर को पकड़कर उसके साथ हाथापाई भी की। इसी बीच सूचना पाकर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेश को स्थानीय अस्पताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में अलवर और फिर जयपुर रेफर किया गया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी केस डायरी में शामिल कर लिया गया है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।