प्रतापगढ़ | न ई आबादी स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर का स्थापना दिवस सोमवार को सिंधी समाज द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सिंधी समाज सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। समिति के अध्यक्ष थावरचंद लोहाना और महिला अध्यक्ष कंचन प्रीतयानी के सानिध्य में आयोजित इस उत्सव के तहत सुबह 7:30 बजे भगवान झूलेलाल का महाअभिषेक किया गया। समाज के प्रवक्ता किशोर छाबड़ा ने बताया कि इसके बाद सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं को फल और प्रसादी बांटी गई, जबकि 9 बजे महाआरती हुई। महाआरती के बाद समाज के महिला-पुरुषों ने भगवान झूलेलाल के सामने देश में सुख-शांति, वैभव, भाईचारा, एकता और इस सीजन में अच्छी बारिश के लिए विशेष अरदास की। समाज के लोगों ने भगवान के दर्शन कर मंगलमय जीवन की कामना की।