सिरोही तहसील की भूतगांव ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां मानसून से ठीक पहले नाली सफाई के दौरान हुई चूक के कारण करीब 12 लाख रुपए की लागत से बनी नई नाली और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना 'ग्रामीण सेवा शिविर' से ठीक 1 दिन पहले आधी रात को हुई। पंचायत को यह सफाई कार्य 3 महीने पहले ही पूरा कर लेना चाहिए था, लेकिन शिविर में सब कुछ ठीक दिखाने की जल्दबाजी में जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। सड़क पर बह रहा गंदा पानी, लोग परेशान जल्दबाजी और लापरवाही के कारण जेसीबी ने 1 साल पहले बनी 1350 फीट लंबी पक्की नाली को कई जगह से तोड़ दिया। इसके साथ ही नाली के आसपास बनी नई सीसी सड़क भी क्षतिग्रस्त हो गई। नाली टूटने के बाद अब इसका गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। 3 चरणों में हुआ था नाली का निर्माण ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, भूतगांव की इस मुख्य पक्की नाली का निर्माण कुल 3 अलग-अलग चरणों में पूरा किया गया था। दूसरे और तीसरे चरण के तहत हाल ही में लगभग 1350 फीट लंबी नाली का निर्माण 12 लाख रुपए की लागत से करवाया गया था। इसके पहले चरण में पुराने पोस्ट ऑफिस से होली चौक तक, दूसरे चरण में होली चौक से वालिया अरठ तक और तीसरे चरण में वारिया अरठ से रोमावा अरठ तक नाली बनाई गई थी। 12 लाख की लागत हुई बेकार ग्रामीणों का आरोप है कि महज एक साल पहले जनता के टैक्स के पैसों से बनी इस बेहतरीन और मजबूत नाली को ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अब 12 लाख की लागत से बना यह नाली तंत्र पूरी तरह से बेकार और मलबे में तब्दील हो चुका है। शिविर में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा इस पूरे घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों में पंचायत प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया। अगले दिन जैसे ही गांव में 'ग्रामीण सेवा शिविर' की शुरुआत हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने शिविर में मौजूद उच्च अधिकारियों के सामने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सीधे तौर पर ग्राम विकास अधिकारी (VDO) नारायणलाल राणा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नाली को जानबूझकर और अपनी कमियों को छिपाने के लिए तोड़ा गया है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और नाली को तुरंत नए सिरे से सही कराने की मांग को लेकर अड़े रहे। VDO राणा के पास है जावाल के साथ भूतगांव का अतिरिक्त चार्ज दरअसल ग्राम विकास अधिकारी नारायणलाल राणा मूल रूप से जावाल में कार्यरत है और वर्तमान में उनके पास भूतगांव ग्राम पंचायत का भी अतिरिक्त कार्यभार (चार्ज) है। दो-दो पंचायतों का कार्यभार होने के चलते धरातल पर मॉनिटरिंग का अभाव नजर आ रहा है। वीडीओ बोले- 2 दिन में काम शुरू होगा वहीं वी​डीओ नारायणलाल राणा ने बताया कि जेसीबी से सफाई के दौरान नाली क्षतिग्रस्त होने की बात सही है। यह कोई लापरवाही नहीं थी, वह अचानक काम के दौरान हुआ। ग्रामीणों के विरोध और उनकी समस्या को देखते हुए इस क्षतिग्रस्त नाली के पुनरुद्धार और मरम्मत का कार्य आगामी 2 दिनों के भीतर हर हाल में शुरू करवा दिया जाएगा, ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारू हो सके।