सिरोही जिले में एक व्यक्ति को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पति ने पहले दावा किया था कि उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन पुलिस जांच में हत्या का खुलासा हुआ। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है। यह घटना बरलूट थाना क्षेत्र के जावाल कस्बे से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार गजेंद्र सिंह पुत्र नरपत सिंह ने अपनी पत्नी पूनम कंवर की उदयपुर से सिरोही लाते समय रास्ते में गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसने बाद में सभी को बताया कि पूनम की मौत हार्ट अटैक से हुई है। चचेरे भाई ने बहन की मौत पर जताया था संदेह मृतका के चचेरे भाई जबर सिंह पुत्र बने सिंह निवासी सरथुल ने 10 जुलाई को पूनम की मौत पर संदेह जताते हुए सिरोही पुलिस को रिपोर्ट दी। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और बरलूट थाने में मामला दर्ज किया। रूट मार्च तैयार कर की जांच सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर डीएसपी मुकेश चौधरी को मामले की गहन जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान सामने आया कि उदयपुर से सिरोही होकर जावाल जाने का समय रात का था और रात करीब 1:30 बजे पूनम को हार्ट अटैक आने का मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने सिरोही से उदयपुर वाले रास्ते का रूट मार्च तैयार कर जांच शुरू की। कोयंबटूर में रहते थे पति-पत्नी पुलिस पूछताछ में आरोपी पति गजेंद्र सिंह ने हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि शादी के बाद से ही वह अपनी पत्नी के साथ कोयंबटूर में रहता था और उन दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।