सिरोही नगर परिषद ने शनिवार को "हरियालों राजस्थान" और "एक पेड़ मां के नाम अभियान" के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम अरविंद पवेलियन की दीवार के पास (गोयली चौराहा) आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी हरि सिंह देवल, तहसीलदार जगदीश कुमार और नगर परिषद सिरोही के सचिव रमेश कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर तोमर ने नगर परिषद को पौधों को प्रतिदिन पानी पिलाने और अतिक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सिरोही जिले में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्य किया जाना चाहिए। नगर परिषद सिरोही के सचिव रमेश कुमार ने बताया कि वृक्षारोपण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गड्ढे खोदकर तैयार किए जा चुके हैं और बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में सहायक परियोजना समन्वयक भगवत सिंह देवड़ा, नगर परिषद से ओम सिंह, हनुमान शर्मा, जगदीश पटेल, हरीश कुमार, प्रवीण माली और हरीश गोस्वामी भी मौजूद रहे।