हनुमानगढ़ में बसपा की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को जंक्शन स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में हुई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला ने कहा कि मजबूत संगठन के बलबूते ही सत्ता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आगामी चुनावों को पूरी मजबूती के साथ लड़ें। भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना सीला ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल चुनावों में झूठे वादे करते हैं और सत्ता में आने के बाद जनता की समस्याओं की अनदेखी करते हैं। उन्होंने दावा किया कि बसपा ही सुशासन देने में सक्षम है। आगामी चुनावों की तैयारी शुरू करने के निर्देश बैठक की अध्यक्षता करते हुए बसपा जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी का विस्तार करने और विधानसभा, नगर पालिका तथा पंचायत चुनावों के लिए अभी से तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय अठवाल, प्रेमनाथ सपेरा, पीलीबंगा प्रभारी कालूराम पटीर, पीलीबंगा अध्यक्ष रामगोपाल परिहार, संगरिया प्रभारी संदीप पटीर, संगरिया अध्यक्ष शंकर नायक, ताराचंद परिहार, सुंदरलाल ओड, रामस्वरूप बौद्ध, भादरराम जिनागल, देवराज देपन, मंगला राम नायक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।