पाली जिले के बिठौड़ा कलां में सरपंच चुनाव की मतगणना के दौरान हुए उपद्रव, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में मारवाड़ जंक्शन और सिरियारी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों के ठिकानों पर छापेमारी कार्रवाई की है। दरअसल, 24 अक्टूबर को ग्राम पंचायत बिठौड़ा कलां स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरपंच चुनाव की मतगणना चल रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने स्वयं मतपत्र गिनने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मांग खारिज होने पर करीब 100 से 120 लोगों की भीड़ ने उपद्रव करते हुए मतगणना कक्ष में घुसने, मतपत्र छीनने और कर्मचारियों से धक्का-मुक्की का प्रयास किया। मारवाड़ जंक्शन थानाधिकारी सहदेव चौधरी व सिरियारी पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 27 अक्टूबर तड़के संयुक्त पुलिस टीमों ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान बिठौड़ा कलां निवासी रामलाल (65) पुत्र जेठाराम, विक्रम (31) पुत्र रामलाल, जीवाराम (40) पुत्र रामलाल, जगदीश (40) पुत्र हजारी, अर्जुन (23) पुत्र गणपतलाल और गणपतलाल (49) पुत्र हजारी को गिरफ्तार कर लिया।