पंचायती राज चुनाव 2026 के मद्देनजर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सांगड़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली। कार से 101 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद कर आरोपी मोतीसिंह (36) पुत्र मुकनसिंह निवासी करडा हाल सांवल कॉलोनी जैसलमेर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया। थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी से गहन पूछताछ व मामले में अनुसंधान कर रही है। जिले में तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।