डीग के बेढ़म गांव की निवासी सोनम फौजदार का राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में चयन हो गया है। उन्होंने इस परीक्षा में 311वीं रैंक हासिल की है, जिसके साथ वह बेढ़म गांव की पहली महिला RAS अधिकारी बन गई हैं। यह उनकी दूसरी प्रयास में मिली सफलता है। सोनम ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से बेढ़म गांव के साथ-साथ डीग जिले का नाम भी रोशन हुआ है। सोनम फौजदार पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके पिता अदालत में वकील हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सोनम के पिता ने बताया कि RAS अधिकारी बनना सोनम का बचपन से सपना था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिखाया है। उनके चयन की खबर मिलते ही घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिवार को बधाइयां दी गईं।