बीकानेर | सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की करीब 2.25 लाख पुस्तकें अचानक ताले में बंद कर दी गई हैं। कारण, लाइब्रेरी की दीवार में दरार आ गई है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लाइब्रेरी पर ताला लगा दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बुधवार को मौका देखा। मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी में खिड़की वाली दीवार पर बड़ी दरार है। प्लास्टर हाथ लगाने से ही उतर रहा है। चिनाई की ईंटें टूट रही हैं। दरार करीब दस फीट तक आई है। आशंका जताई जा रही है कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जमीन धंसने से यह दरार आई है। हादसे की आशंका को देखते हुए लाइब्रेरी पर ताला जड़ दिया गया है। स्थिति को देखते हुए प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं के साथ मीटिंग की। सिटी एक्सईएन विजय मीणा, एईएन विनोद तंवर और जेईएन ने लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। सपोर्ट मिलने के बाद भी पुरानी दीवार धंसती है तो निर्माण कार्य दोबारा करने पर विचार किया जाएगा। डॉ. एनएल महावर, डॉ. अभिषेक कवात्रा भी इस दौरान मौजूद रहे। सोलर पैनल से टूट रहीं छत एसपी मेडिकल कॉलेज की छत सोलर पैनल के कारण क्षतिग्रस्त हो रही है। इमारत की पट्टियों से लगी सोलर पैनल की क्लिपें साफ नजर आने लगी हैं। लाइब्रेरी के फर्स्ट फ्लोर से छत की पट्टियों को दीवार पर सीलन है। कबूतरों की बीट के कारण गंदगी फैली हुई है। लंबे समय से वहां सफाई नहीं हुई है। दीवार पर लगी एंटीक तस्वीरें तक खराब हो चुकी हैं। इमारत प्रशासनिक अनदेखी का शिकार हो रही है। भास्कर इनसाइट - 2.60 करोड़ नहीं मिले, कॉलेज की मरम्मत बंद सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की 67 साल पुरानी इमारत, जिसमें बैंक और लैब शामिल थे, भारी बारिश के कारण पिछले साल जून में ढह गई थी। इसकी मरम्मत के लिए करीब 2.60 करोड़ रुपए के प्रस्ताव बजट फाइनेंस कमेटी के समक्ष रखे गए थे, जिनकी मंजूरी अब तक नहीं मिली है। मानसून अब वापस आने को है। प्रशासन यह सोच कर चिंतित है कि डैमेज का दायरा कहीं बढ़ न जाए। लाइब्रेरी की दीवार की दरार ने कॉलेज प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। “पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को लाइब्रेरी में मौका दिखा दिया है। दीवार की मरम्मत जल्दी कराने को कहा गया है, ताकि लाइब्रेरी को शुरू किया जा सके।” -डॉ. सुरेंद्र वर्मा, प्रिंसिपल, एसपीएमसी