तेज रफ्तार दो बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। दोनों बाइकों पर 2-2 युवक सवार थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। ऐसे में चारों घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है। हादसा बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना इलाके में बीदासर रोड पर गुरुवार को हुआ। श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई सुरेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार- हादसा बीदासर रोड पर बाना और ऊपनी गांव के बीच हुआ। चारों युवक बाना गांव के रहने वाले हैं। एक बाइक पर हनुमान (25) और राजूराम ऊपने से अपने गांव लौट रहे थे। जबकि दूसरी बाइक से राकेश और नरेंद्र मेघवाल ऊपनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बाइकों की भिड़ंत हो गई। वेलफेयर सोसाइटी के सेवादार पहुंचे दुर्घटना की सूचना पर डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार मौके पर पहुंचे और घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया। वहां मेडिकल स्टाफ ने इमरजेंसी में उपचार शुरू किया। गंभीर हालत को देखते हुए तीन युवकों को बीकानेर रेफर कर दिया गया। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था एएसआई सुरेश कुमार ने बताया- घटना की सूचना पर श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन आपस में टकराए। चारों युवकों के सिर में चोट लगी। दो की हालत गंभीर है। हेलमेट नहीं लगाने के कारण गंभीर चोटें लगीं।