भारतीय किसान यूनियन (एकता) राजस्थान के किसानों ने बुधवार को श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट में विरोध-प्रदर्शन किया। गंग नहर में पूरा पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर किसान कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे और नारेबाजी की। किसान नेता संदीप सिंह चक केरा ने बताया- पिछले कई महीनों से गंग नहर में पानी की आवक बेहद कम है। जहां 2500 क्यूसेक पानी आना चाहिए, वहां सिर्फ 1000 क्यूसेक ही पहुंच रहा है। इससे किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। यह बिजाई का सीजन है। जिले में मानसून की बारिश भी बहुत कम हुई है। ऐसे में किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। अगर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिला तो फसल उत्पादन घटेगा और किसान कर्ज के बोझ तले दब जाएंगे। फिलहाल सिर्फ दो लिंक नहरें ही चल रही हैं। अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिला प्रशासन हर बार पूरा पानी देने का आश्वासन देता है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राज्य सरकार, पंजाब सरकार से बातचीत कर गंग नहर में पूरा पानी उपलब्ध कराए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द नहर में पूरा पानी नहीं छोड़ा गया तो वे और बड़ा आंदोलन करेंगे। जिसके जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।