श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी ने बिना एक्सपायरी डेट और लेबलिंग वाले ड्राई फ्रूट्स की जांच करने पहुंची फूड सेफ्टी टीम को भगा दिया। दुकानदार के कॉल करने पर विधायक मौके पहुंचे थे। इसके बाद टीम बिना कार्रवाई किए लौट गई। टीम मंगलवार को एसएसबी रोड पर मीरा चौक स्थित मनुहार मेवा स्टोर पर पहुंची थी। फूड इंस्पेक्टर नित्या शर्मा और मंजू बाला ने कहा- विधायक ने बदतमीजी करने के साथ ही धमकी दी और सरकारी काम करने से रोका। गाड़ी की चाबी भी निकालने का प्रयास किया। इस संबंध में कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत दी गई है। वहीं, विधायक जयदीप बिहाणी का कहना है कि टीम के पास परमिशन नहीं थी। अगर ये बिना परमिशन के कहीं भी जा सकते हैं, तो मैं भी जा सकता हूं। मैं लोगों को परेशान नहीं होने दूंगा। फूड इंस्पेक्टर बोलीं- पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग-एक्सपायरी डेट नहीं थी फूड इंस्पेक्टर नित्या शर्मा और मंजू बाला ने बताया - मनुहार मेवा स्टोर पर एक्सपायरी डेट वाले प्रोडक्ट बेचे जाने की ऑनलाइन शिकायत मिली थी। इसके आधार पर टीम जांच करने पहुंची। दुकान के पीछे काजू, बादाम और अन्य ड्राई फ्रूट्स की पैकिंग की जा रही थी। इन पैकेटों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट नहीं लिखी थी। स्टोर संचालक अतुल अग्रवाल ने उन्हें जांच करने से मना कर दिया और विधायक को फोन कर दिया। विधायक बोले- नाजायज कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेंगे विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा- नाजायज कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम के पास कार्रवाई की परमिशन नहीं थी। अगर अधिकारियों को जांच के लिए परमिशन की जरूरत नहीं है, तो विधायक भी जहां मर्जी जाकर दखलअंदाजी कर सकता है। गंगानगर की जनता ने मुझ पर विश्वास जताया है। मैं लोगों को परेशान नहीं होने दूंगा। अधिकारियों को एफसीआई के गोदामों में रखे पुराने गेहूं की भी जांच करनी चाहिए, क्योंकि वहां सालों पुराना गेहूं पड़ा है। सीएमएचओ बोले- शिकायत पर गई थी टीम, सैंपल नहीं लेने दिया सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया- विभाग को वॉट्सएप नंबर पर खिलाफ शिकायत मिली थी। फूड इंस्पेक्टर नित्या शर्मा और मंजू बाला मौके पर पहुंची थीं। इनके साथ स्वास्थ्य विभाग का भी एक कर्मचारी था। जांच में शिकायत सही पाई गई। काजू-बादाम को खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन करते हुए बेचा जा रहा था। व्यापारी अतुल अग्रवाल से सैंपल लेने की बात कही गई, लेकिन उन्होंने और उनकी पत्नी ने टीम का विरोध किया और सैंपल देने से इनकार कर दिया। इस दौरान राजकार्य में बाधा पहुंचाई गई। दोनों महिला अधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन को लिखित शिकायत दी है और उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया है। --- ये खबर भी पढ़ें … भाजपा विधायक भड़के, खत्री समाज के अध्यक्ष को भगाया:श्रीगंगानगर में सभापति के शपथ ग्रहण समारोह में विवाद, मंच पर बुके फेंके श्रीगंगानगर में नगर परिषद सभापति और उपसभापति के शपथ ग्रहण समारोह में विवाद हो गया। भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी खत्री समाज के अध्यक्ष ललित बहल पर भड़क गए। पूरी खबर पढ़िए