श्रीगंगानगर शहर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीती रात हनुमानगढ़ रोड पर चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया। इनमें से एक दुकान के पूजा स्थल पर रखे 10 हजार रुपए चोरी कर लिए, जबकि दूसरी दुकान से कुछ हाथ नहीं लगा। वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। रात करीब 3:15 बजे दुकानों को बनाया निशाना सदर थाना के जांच अधिकारी रघुवीर के अनुसार- वारदात 15 अक्टूबर रात करीब 3:15 बजे अग्रवाल ट्रस्ट के पास हुई। चोरों ने दिव्या शटरिंग और साहिल मॉडलैस फर्नीचर की दुकानों को निशाना बनाया। दोनों दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया। इस दौरान साहिल मॉडलैस फर्नीचर की दुकान के पूजा स्थल पर रखे 10 हजार रुपए लेकर आरोपी फरार हो गए। 2 दर्जन से ज्यादा कैमरों के फुटेज खंगाले पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए अब तक दो दर्जन से अधिक कैमरों के फुटेज देख चुकी है। जांच के दौरान पुलिस की एक टीम रीको तक पहुंची है। फुटेज के जरिए चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, हनुमानगढ़ मार्ग की दुकानों में चोरी करने वाले संदिग्धों के फुटेज गौशाला रोड पर मोबाइल शॉप में हुई 5 लाख रुपए की चोरी के फुटेज से मिलते-जुलते नजर आ रहे हैं। गौशाला रोड पर 26 मई को कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात हुई थी। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गैंग का हाथ तो नहीं है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।