श्रीगंगानगर में दिनदहाड़े सूने मकान के ताले तोड़कर चोर घर का सामान ले गए। चोर मकान से एसी, नलों की टोटियां, कंप्यूटर, सीपीयू और मॉनिटर सहित अन्य सामान पार कर ले गए। ये घटना CCTV में कैद हो गई। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में प्रवीण लता निवासी 73 एन ब्लॉक, श्रीगंगानगर ने बताया- उनकी बड़ी बहन राज चावला का 57 एन ब्लॉक में मकान है। दोपहर के समय अज्ञात लोग मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां से एसी, नलों की टोटियां, कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें एक महिला और युवक वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले सितंबर में भी इसी परिवार के दूसरे मकान में चोरी हुई थी। उस समय एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया था, लेकिन उस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई। प्रवीण लता छाबड़ा ने सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान रिमझिम के रूप में होने की बात भी कही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।