श्रीगंगानगर शहर के मेन पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दोपहर करीब 1 बजे ई-मेल के जरिए आई धमकी में लिखा है- पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाया जाएगा, सावधान रहें। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। तुरंत पोस्ट ऑफिस परिसर को खाली कराया गया। पुलिस और सुरक्षा टीम ने पूरे पोस्ट ऑफिस की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। 7 दिनों में दूसरी बार मिली धमकी 25 मार्च को एक पत्र के जरिए श्रीगंगानगर कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पूरा कोर्ट परिसर खाली कराया। जांच के लिए बीकानेर से बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीमें भी पहुंची थी। 10 मार्च को भी मेन पोस्ट ऑफिस परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी परिसर खाली कराया गया था और बम निरोधक दस्ते ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कुछ नहीं मिला। 15 दिन में तीसरी धमकी उस धमकी के ठीक 15 दिनों के अंदर यह तीसरी घटना है। इससे पहले राजस्थान के कई जिलों में पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस को लेकर इसी तरह की ई-मेल धमकियां आई थीं, जो सभी झूठी साबित हुईं। सुरक्षा एजेंसियां अब साइबर सेल की मदद से धमकी भेजने वाले की तलाश में जुटी हैं। पोस्ट ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी और आने वाले लोग घंटों तक परेशान रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह धमकी भी संभवत झूठी है, लेकिन जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है।