पूर्वी राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद अब पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर सहित बीकानेर संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। आगामी 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, 7 और 8 जुलाई को श्रीगंगानगर सहित आस-पास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर रहने की संभावना जताई गई है। क्षेत्र में रविवार को दिनभर उमस भरी गर्मी और तपिश का सितम रहा। सोमवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रहा, जबकि शनिवार को न्यूनतम 31.1 डिग्री और अधिकतम 41.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार- श्रीगंगानगर सहित पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मानसूनी बारिश का दौर जल्दी शुरू होने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।