राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसका असर श्रीगंगानगर जिले में भी देखने को मिल रहा है। जिला पूरी तरह ड्राई बना हुआ है और गर्मी व उमस से लोग परेशान हैं। बारिश नहीं होने से किसान भी चिंता में हैं, क्योंकि फसल बिजाई का समय लगभग निकल चुका है। इसके चलते किसानों ने कम बिजाई की है और जिन फसलों की बिजाई हो चुकी है, उन पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है। इससे फसल उत्पादन में कमी आने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 14-15 जुलाई को बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 14-15 जुलाई को हनुमानगढ़ जिले में मानसून एक्टिव होने से कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो-तीन दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, इसके बाद भी कई दिनों तक मौसम ड्राई रहने की संभावना है। उमस के साथ बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं। वहीं, बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फसलों को राहत मिल सके।