श्रीगंगानगर नगर परिषद के पूर्व उपसभापति लोकेश मनचंदा की दुकान में शुक्रवार रात चोरी हो गई। चोर पड़ोस में बन रही इमारत की छत से आए और गेट तोड़कर कॉस्मेटिक्स की दुकान में घुसे। गल्ले से 50 हजार कैश लेकर फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्व उपसभापति लोकेश मनचंदा ने बताया- सदर बाजार में मेरी 47 नंबर की दुकान शिव शंकर ट्रेडिंग नाम से है। मैं आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कॉस्मेटिक्स का काम करता हूं। शुक्रवार रात 9.30 बजे मैं दुकान बंद करके ताला लगाकर घर चला गया। सुबह बिखरा पड़ा मिला सामान लोकेश मनचंदा ने बताया- शनिवार सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। छत वाली सीढ़ियों का लकड़ी का गेट टूटा पड़ा था। मेरी दुकान के पीछे एक इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। चोर उसी जगह से छत पर चढ़े और लकड़ी के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोर गल्ले से 50 हजार रुपए निकालकर ले गए। आस-पास की दो दुकानों में भी चोरी की कोशिश हुई है। लेकिन वहां चोर सफल नहीं हो सके। व्यापारियों में आक्रोश श्रीगंगानगर में चोरियों की वारदातें थम नहीं रही हैं। दिनदहाड़े भी चोरियां हो रही हैं। ऐसे में व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने लोकेश मनचंदा की दुकान में हुई का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।