बाड़मेर-जैसलमेर से कांग्रेस के सांसद व श्रीगंगानगर जिला पंचायतीराज चुनाव प्रभारी उम्मेदाराम बेनीवाल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ जिस तरह से पिछले 5-6 महीने से उटपटांग बयान दे रहे हैं, मुझे लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। राठौड़ को अच्छे मनोचिकित्सक को दिखाना चाहिए, उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वे हमेशा गैर जिम्मेदाराना बयान देकर सुर्खियों में रहना चाहते हैं। पार्टी को उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेना चाहिए। बेनीवाल ने कहा- भाजपा हमेशा हिंदू-मुस्लिम की बात करके सत्ता के इर्द-गिर्द बने रहना चाहती है और सत्ता में आना चाहती है। राठौड़ का बयान वास्तव में चिंताजनक है, पार्टी को उनपर एक्शन लेना चाहिए। भाजपा के सीएम, विधायक, नेता और जनप्रतिनिधी कहते हैं कि हमारी चलती नहीं है और पर्ची के इंतजार में रहते हैं। इस बार पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग होगी। बेनीवाल एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान मंडी स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर बेनीवाल के नेतृत्व में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। श्रीगंगानगर में कांग्रेस को बताया मजबूत
उम्मेदाराम बेनीवाल ने पंचायतीराज चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कहा- पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस की पूरी तैयारी है और प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुझे यहां आपसी समन्वय बैठाने के लिए यहां भेजा है। जिले में कांग्रेस पूरी तरह से मजबूत है। पंचायत समितियों व जिला परिषद के अंदर सारे वार्ड कांग्रेस जीतेगी। बेनीवाल ने कहा- जिले के किसान इस बार पूरी तरह से परेशान है। किसानों को उनके हक का पानी नहीं मिल रहा। समय पर फर्टिलाइजर, बिजली, बीज और आदान नहीं मिल रहा। फसल बीमा क्लेम के लिए किस दर-दर भटक रहे हैं। इसके साथ ही श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी का कारोबार यहां पैर पसार रहा है, जिसने किसानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। लेकिन डबल इंजन वाली सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है और लोग भाजपा से परेशान है। भाजपा पर कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को डराने का आरोप
नगर निकाय चुनाव पर बोलते हुए बेनीवाल ने कहा- निकाय चुनाव में भी लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में वोट किया। एक आधी पंचायत समिति में असमंजस की वजह से कांग्रेस का बोर्ड नहीं बन पाया। हमारे जीते हुए कांग्रेस के पार्षदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को भाजपा ने डराया, एजेंसियों ने उन पर कार्रवाई की और उन्हें खरीदने की कोशिश की गई। इस वजह से थोड़ी कमी रह गई। लेकिन हमने इसे सीख ली है कि जो नगर निकाय चुनाव में हुआ हम वह हम पंचायतीराज चुनाव में नहीं होने देंगे। कांग्रेस ने इसके लिए पूरी तैयारी कर रखी है। टिकट वितरण पर बोलते हुए उम्मेदाराम ने कहा- टिकट वितरण के लिए वार्ड के लोग तय करेंगे कि किसे टिकट देना है। फिर जो कमेटी बनाई गई है उनसे चर्चा की जाएगी, पर्यवेक्षकों से ग्राउंड की रिपोर्ट ली जाएगी। उसके बाद ही सभी से राय मशवरा कर जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट वितरण किया जाएगा। कई वार्डों में काफी ज्यादा उम्मीदवार है तो उनसे समझाइश करेंगे कि वह पार्टी के साथ रहे। ये खबर भी पढ़िए मदन राठौड़ बोले-पाकिस्तान-अमेरिका भिड़ंत में हम पाकिस्तान के साथ:लेकिन पाक से मैच में भारत की हार पर जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान के बाद विवाद हो गया। उन्होंने कहा था कि - अगर भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए। उस समय जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं है। हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है। पूरी खबर पढ़िए