श्रीगंगानगर जिले में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार सुबह से सर्द हवाएं चलने के कारण ठंड का असर बढ़ गया। अब सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। मौसम में आए बदलाव के बीच लोगों ने गर्म कपड़े पहनना भी शुरू कर दिया है। तीन दिन में 5 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा था। आसमान साफ, सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड रविवार सुबह जिले में मौसम साफ रहा। आसमान से बादल छंटने के बाद धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं के चलते ठंड का एहसास बना हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव का असर सुबह की दिनचर्या पर भी नजर आने लगा है। अगले 3-4 दिन बारिश की संभावना नहीं अगले तीन से चार दिन तक जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं के चलते सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ सकता है। अगले एक सप्ताह में इलाके में सर्दी के और जोर पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।