जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने ईवीएम व कर्मचारियों के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली। मतगणना से पूर्व ईवीएम संग्रहण के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में स्ट्रांग रूम बनेगा। मंगलवार को तृतीय चरण के मतदान के ​लिए कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम का पहला और दूसरा रेंडमाइजेशन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. ​अमित यादव के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर से पंचायत समिति राजियासर, सूरतगढ़ व श्रीविजयनगर के मुख्य व सहायक मतदान केंद्रों सहित 304 मतदान केंद्रों का रेंडमाइजेशन पूरा किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता अश्विन के.पंवार, एनआईसी प्रभारी परमजीत सिंह, भाजपा के प्रदीप धेरड़, कांग्रेस भीमराज डाबी, माकपा के विजय रेवाड़ आदि उपस्थित थे। दूसरी तरफ जिले के 1305 मतदान केंद्रों के लिए प्रथम प्रशिक्षण के कर्मचारियों का रेंडमाइजेशन किया गया। मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम के संग्रहण और मतगणना की व्यवस्था डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में रहेगी। इसके लिए कमरे निर्धारित कर दिए गए हैं।