मई का पहला सप्ताह पार होने से पहले ही बीकानेर में गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को सुबह 11 बजे से ही सूरज की किरणें आग उगलने लगीं, जिससे दोपहर में प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। 06 मई को अधिकतम तापमान 40.2° और न्यूनतम 23.8° दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का सीधा असर व्यापार पर पड़ा है और व्यापारिक टर्नओवर में 20% तक की गिरावट आई है। लोग चेहरों को ढककर निकल रहे हैं और राहत के लिए शीतल पेय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। शहर में पानी की मांग 30% बढ़ गई है। नहरबंदी के कारण आपूर्ति चुनौती बनी हुई है, जिससे गंगाशहर और भीनासर जैसे क्षेत्रों में लोग निजी टैंकरों पर निर्भर हैं। मांग का फायदा उठाकर संचालकों ने दाम 100 से 200 रुपए तक बढ़ा दिए हैं। गर्मी ने बेजुबानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं; परिंडों का पानी खौलने लगा है और पशु छांव तलाश रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 07 मई को पारा 42° डिग्री और 08-09 मई को 43°डिग्री रहेगा। 10 और 11 मई को 45° डिग्री के साथ ‘हीट वेव’ का अलर्ट है, जबकि 12 मई को पारा 47 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। एडवाइजरी - स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि आगामी दिनों में जरूरी होने पर ही दोपहर में घर से निकलें। बाहर निकलते समय सिर ढंककर रखें और पर्याप्त पानी पीकर ही निकलें। राहत का दौर बीता, अब लू बरपाएगी कहर बीती रात न्यूनतम तापमान 23.8° दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2° कम है। अमूमन इस समय तापमान 27° के करीब रहता है। रात तो राहत दे रही है, लेकिन दिन का पारा सामान्य से 2° अधिक (42°) होने से बेचैनी बढ़ी है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से धूल भरी आंधी और लू के थपेड़े अब और तेज होंगे। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, जिससे उमस और गर्मी का मिला-जुला असर परेशान करेगा।