जयपुर में 25 अक्टूबर को सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026 के ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा। इस इवेंट में 40 देशों की मॉडल्स हिस्सा लेंगी। सुपर मॉडल ग्रैंड फिनाले का आयोजन आगरा रोड स्थित एस्थेरिया रिसॉर्ट एंड स्पा में होगा। इस आयोजन में अलग-अलग देशों की सुंदरता, पारंपरिक संस्कृति, रचनात्मकता और फैशन का संगम देखने को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के जरिए जयपुर को वैश्विक फैशन, मॉडलिंग और पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की तैयारी है। आयोजन को लेकर जयपुर के होटल प्राइम सफारी में पोस्टर लॉन्च किया गया। इस दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रतिभागियों और विभिन्न चरणों की जानकारी साझा की। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में विभिन्न देशों की मॉडल्स अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन करेंगी। ग्रैंड फिनाले में होने वाली प्रस्तुतियां आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगी। यहां देखिए विदेशी मॉडल्स के फोटोज और पोस्टर लॉन्च के फोटो
तीन प्रमुख राउंड में होगा प्रतिभागियों का मूल्यांकन सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026 में प्रतिभागियों की प्रतिभा और व्यक्तित्व को परखने के लिए तीन प्रमुख राउंड रखे गए हैं। इनमें नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड, थीम राउंड और इवनिंग गाउन राउंड शामिल हैं। नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में मॉडल्स अपने-अपने देशों की पारंपरिक वेशभूषा के जरिए सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगी। इस राउंड में अलग-अलग देशों की परंपराओं, पहनावे और सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। वहीं थीम राउंड में प्रतिभागियों की रचनात्मकता, प्रस्तुति और व्यक्तित्व को परखा जाएगा। इवनिंग गाउन राउंड में उनकी स्टेज प्रेजेंस, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंच पर प्रस्तुति के अंदाज का मूल्यांकन किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इन राउंड्स के माध्यम से केवल बाहरी व्यक्तित्व ही नहीं, बल्कि प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और मंच पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता को भी परखा जाएगा। कई देशों की जूरी करेगी प्रतिभा का आकलन प्रतियोगिता की जूरी में मेक्सिको, किर्गिस्तान, रूस, साइबेरिया, अमेरिका, कजाकिस्तान और भारत का प्रतिनिधित्व रहेगा। अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि से जुड़े जूरी सदस्य विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों, रचनात्मकता और मंच पर प्रभाव का आकलन करेंगे। इससे प्रतियोगिता को वैश्विक दृष्टिकोण मिलने के साथ विभिन्न देशों के फैशन और मॉडलिंग से जुड़े मानकों को समझने का अवसर भी मिलेगा। प्रतियोगिता में इथियोपिया, जॉर्जिया, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, लेबनान, फिलीपींस, बेलारूस, एस्टोनिया, फिनलैंड, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस सहित विभिन्न देशों और क्षेत्रों की मॉडल्स भाग लेंगी। इनमें नेहा सिंह, एडोम डेरेजे माइकल, लिया गुगुशविली, मलिका बेइसेक, एंजेल लॉरे नोसीडल, ट्रिसिया आइरीन ब्राउन और वेरोनिका नेगोदा सहित कई प्रतिभागी शामिल हैं। पारंपरिक परिधानों से लेकर आधुनिक फैशन तक दिखेगा रंग इस आयोजन की खासियत विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक फैशन का एक मंच पर नजर आना होगा। नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में पारंपरिक परिधानों के जरिए अलग-अलग देशों की पहचान सामने आएगी, जबकि थीम और इवनिंग गाउन राउंड में मॉडल्स का आधुनिक फैशन, आत्मविश्वास और मंचीय कौशल देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभागियों की सूची में मध्य एशिया, यूरोप, एशिया, अफ्रीका और अमेरिका से जुड़ी मॉडल्स शामिल हैं। इनमें भारत से नेहा सिंह, जॉर्जिया से लिया गुगुशविली, इथियोपिया से एडोम डेरेजे माइकल, कजाकिस्तान से मलिका बेइसेक, किर्गिस्तान से एलिमा बेकबोलिएवा, फिलीपींस से एंजेल लॉरे नोसीडल और न्यूजीलैंड से ट्रिसिया आइरीन ब्राउन के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा बेलारूस, एस्टोनिया, फिनलैंड, लेबनान, रूस और अमेरिका सहित विभिन्न देशों की प्रतिभागियां भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगी। आयोजन के दौरान अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाली इन मॉडल्स की प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 23 से 25 अक्टूबर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां सुपर मॉडल वर्ल्डवाइड-2026 के तहत ग्रैंड फिनाले से पहले कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों की ओर से साझा कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को ओपनिंग वीडियो, नेशनल कॉस्ट्यूम और विभिन्न थीम पर फोटोशूट की गतिविधियां रखी गई हैं। इसी दिन रिहर्सल और प्रारंभिक चरण की तैयारियां भी होंगी। 24 अक्टूबर को प्रतिभागियों के लिए साइटसीइंग का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जबकि 25 अक्टूबर को मुख्य ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों में पारंपरिक भारतीय अंदाज को भी खास जगह देने की तैयारी है। आयोजकों की ओर से बारात थीम पर ग्रैंड वेलकम की योजना साझा की गई है, जिसके जरिए विदेशी प्रतिभागियों को भारतीय संस्कृति और राजस्थान की मेहमाननवाजी से रूबरू कराने का प्रयास किया जाएगा। एस्थेरिया ग्रुप ऑफ होटल्स एंड रिसॉर्ट्स के चेयरमैन एवं संस्थापक डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि एक साथ इतने देशों की मॉडल्स का जयपुर में जुटना अपने आप में खास है। इससे शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा। आयोजन की ऑर्गेनाइजर प्रियंका इवेंट्स की प्रियंका नितिन दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के मूल्यांकन के लिए तीन प्रमुख राउंड निर्धारित किए गए हैं। इनमें पारंपरिक वेशभूषा, रचनात्मक थीम और इवनिंग गाउन के माध्यम से मॉडल्स के व्यक्तित्व तथा मंचीय कौशल को परखा जाएगा। पोस्टर लॉन्च के अवसर पर पवन गोयल, कन्नू मेहता, नवीन, प्रतीक जोशी और आयुष सोनी के साथ प्रियंका नितिन दुबे, नवीन शर्मा और अंशुल जैन मौजूद रहे।