हनुमानगढ़ जिले की तलवाड़ा थाना पुलिस ने 6 महीने से फरार चल रहे डोडा-पोस्त तस्करी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नागौर निवासी राकेश (24) के रूप में हुई है। राकेश 59 किलो 230 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामदगी के मामले में नामजद था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 21 जनवरी को दर्ज किया गया था। उस समय पुलिस ने नागौर निवासी श्यामाराम को एक कार सहित गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 59 किलो 230 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच तलवाड़ा थाना पुलिस को सौंपी गई थी। जांच के दौरान राकेश गोदारा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस राकेश से मामले में शामिल अन्य आरोपियों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।